चंडीगढ़

'चंडीगढ़', भारत का एक केन्द्र शासित प्रदेश है, जो दो भारतीय राज्यों पंजाब और हरियाणा की राजधानी भी है। यह भारत का पहला सुनियोजित शहर है। इसकी योजना एक फ्रांसीसी वास्तुकार 'ली कार्बुजिए' ने बनाई थी।

चंडीगढ़ के नाम का अर्थ है चंडी का किला। यहाँ 'चंडी माता' का एक प्रसिद्द मन्दिर है जो प्रसिद्द पर्यटन स्थल भी है। उन्हीं के नाम से चंडीगढ़ का नामकरण हुआ है। चंडीगढ़ शिवालिक पहाड़ियों की तलहटी मे स्थित है इसकी समुद्र तल से ऊंचाई 365 मीटर है।

अधिकांश चंडीगढ़ बरगद और यूकेलिप्टस के बगीचों से भरा हुआ है। अशोक, कैसिया, शहतूत व अन्य वृक्ष भी यहाँ की शोभा बढ़ाते हैं। शहर को घेरे हुए बड़ा वन्य-क्षेत्र है जिसमें अनेक जंतु व पादप प्रजातियां फलती-फूलती हैं। यहाँ की 'सुखना झील' सबसे सुन्दर झीलों मे से एक है यह 3 किलोमीटर लम्बी है और मानव निर्मित है।

चंडीगढ़ के 'रॉक गार्डन' का निर्माण स्व० नेकचन्द ने करवाया था। यह कचरे के प्रयोग से बना है जो पूरे एशिया मे प्रसिद्ध है। 'रोज़ गार्डन' का पूरा नाम जाकिर हुसैन रोज़ गार्डन है। यह एशिया का सबसे बडा पुष्प उद्यान है। यहाँ पर गुलाब के पौधों की हजार से ज्यादा प्रजातियां पाई जाती हैं।

चंडीगढ़ शहर का प्रशासनिक नियंत्रण भारत सरकार के गृह मंत्रालय के पास है। वर्तमान में पंजाब के राज्यपाल ही चंडीगढ़ के प्रशासक होते हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग चंडीगढ़ आकर बसे हैं, इसलिए यहाँ की संस्कृति और परंपरा में एक मिश्रण दिखता है।