Short Essay on 'Utilization of Time' in Hindi | 'Samay ka Sadupyog' par Nibandh (400 Words)


समय का सदुपयोग

मनुष्य के जीवन में समय का बहुत महत्त्व है। वह व्यक्ति जो समय के महत्त्व को समझता है वही इसका सही उपयोग कर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहता है। परंतु दूसरी तरफ वे लोग जो समय की महत्ता की अनदेखी करते हैं अथवा समय का दुरुपयोग करते हैं वे जीवन पर्यत असफलता ही पाते हैं। कहा जाता है - "पुरुष बली नहि होत है, समय होत बलवान"

समय हम सभी के लिए अमूल्य है। समय धन से भी ज्यादा कीमती है, क्योंकि यदि धन को खर्च कर दिया जाए तो यह वापस प्राप्त किया जा सकता है किन्तु यदि हम एक बार समय को गंवा देते हैं, तो इसे वापस प्राप्त नहीं कर सकते हैं। इसलिए हमें कभी भी समय को बर्बाद नहीं करना चाहिए। हमें सकारात्मक ढंग से सही तरीके से समय का उपयोग करना चाहिए।

जो व्यक्ति समय का सदुपयोग नही करता उसका जीवन नष्ट हो जाता है। अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मनुष्य को समय के महत्त्व को जानकर उसका सदुपयोग करना चाहिए। समय अपनी गति से बढ़ता जाता है। वह किसी के लिए रुकता नही है। उसे रोकने की शक्ति भी किसी में नही है। वास्तव में समयानुसार आवश्यक तथा उचित कार्यों को संपन्न करना ही समय का सदुपयोग है। 

जीवन में समय के सदुपयोग के लिए इसके महत्त्व को समझने के अतिरिक्त यह भी आवश्यक है कि हम अपने कार्य की प्राथमिकताओं के आधार पर अपने समय को बुद्धिमत्ता से विभाजित कर लें।  गाँधी जी अपने मिनट-मिनट के समय का हिसाब रखते थे, साथ-साथ वे कुछ समय आराम के लिए भी निकाल रखते थे। अत: उचित आराम को समय का दुरुपयोग नहीं कहा जा सकता।

हम सभी को समय के साथ-साथ चलना चाहिए। समय बिना किसी रुकावट के निरंतर चलता रहता है। यह कभी किसी की प्रतीक्षा नहीं करता है। इसलिए, हमें अपने जीवन में बिना किसी उद्देश्य और अर्थ के समय को व्यर्थ नहीं करना चाहिए। हमें हमेशा समय के अर्थ व महत्त्व को पूर्णतया समझना चाहिए और उसी के अनुसार सकारात्मक ढंग से इसका प्रयोग करना चाहिए।

जीवन में उन्नति की कुंजी समय का सदुपयोग ही है। वे ही लोग जीवन में सफल बनते है जो समय का ठीक उपयोग करते है। इनके जीवन में समन्वय होता है। उनका पारिवारिक जीवन सुख-शान्ति से विकसित होता है। उन्हें जीवन में शान्ति मिलती है और समाज में उनका आदर होता है। अतः हमारा परम कर्तव्य है कि हम समय का पूरा-पूरा और सही उपयोग करें। 


Close Menu