Short Article on 'Importance of Healthy Diet and Exercise' in Hindi | 'Swasth Aahar aur Vyayam ka Mahattva' par Lekh

 
स्वस्थ आहार और व्यायाम का महत्त्व

मनुष्य के जीवन में स्वास्थ्य ही अधिक मूल्यवान होता है। जिस व्यक्ति का स्वास्थ्य अच्छा होता है उस व्यक्ति का मस्तिष्क, सोचने-समझने की क्षमता तथा कार्य के प्रति निष्ठा सही होती है और तभी वह व्यक्ति किसी भी कार्य को करने में सफलता प्राप्त कर पाता है। स्वस्थ शरीर पाने के कई तरीके हो सकते हैं पर स्वस्थ आहार और व्यायाम उनमें सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण हैं।

स्वस्थ जीवन ही सफलता प्राप्त करने की कुंजी है। किन्तु अक्सर देखा जाता है कि कम उम्र में ही व्यक्ति न जाने कितनी बीमारियो से ग्रसित हो जाते हैं। इसका मुख्य कारण होता है व्यक्ति के जीवन में नियमित सही दिनचर्या का न होना। यदि हम अपनी नियमित दिनचर्या में स्वस्थ आहार और व्यायाम को शामिल कर लें तो हमारा स्वास्थ्य बेहतर हो सकता है।

स्वस्थ जीवन का आधार होता है स्वस्थ भोजन। स्वस्थ आहार का अर्थ है कि आहार में सभी पोषक तत्व, विटामिन और जल समुचित मात्रा में शामिल हों। स्वस्थ आहार वह है जो कि मनुष्य के स्वास्थ्य को बनाए रखने या उसे सुधारने में मदद करता है। यह तमाम बीमारियों की रोकथाम के लिए महत्त्वपूर्ण होता है। स्वस्थ आहार का सेवन हमारे शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है।

व्यायाम वह क्रिया है जो मनुष्य के स्वास्थ्य को बढ़ाती है। व्यायाम से हमारी मांसपेशियों को मजबूती मिलती है, ह्रदय ठीक प्रकार कार्य करता है, पाचन क्रिया सुचारु रूप से चलती है और रक्तवाहिनियों में रक्त का प्रवाह उचित प्रकार से होता है। लगातार और नियमित शारीरिक व्यायाम प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ा देता है। वास्तव में व्यायाम स्वास्थ्य का मूलमंत्र है।

स्वस्थ आहार और व्यायाम का हमारे जीवन में बहुत महत्त्व है। जो व्यक्ति स्वस्थ आहार का सेवन करता है और नियमित व्यायाम करता है, बुढ़ापा उसके निकट नहीं आता है। इससे शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं मानसिक स्वास्थ्य भी उत्तम बनता है। इससे उसका शरीर ऊर्जावान बना रहता है और लंबे समय तक चेहरे या शरीर पर झुर्रियाँ नहीं पड़ती और शरीर सुगठित, फुर्तीला और सुंदर बनता है।

जीवन में स्वास्थ्य ही अनमोल धन है। शारीरिक रूप से स्वस्थ्य व्यक्ति ही जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता अर्जित कर सकते है। व्यक्ति की सबसे बड़ी दौलत उसका शरीर और उसका स्वास्थ्य होता है। स्वस्थ आहार और व्यायाम उत्तम स्वास्थ्य पाने के लिए अति आवश्यक हैं। अतः प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए और स्वस्थ आहार और व्यायाम के महत्त्व को समझते हुए अपने जीवन में इन्हें अवश्य अपनाना चाहिए।  

Post a Comment

0 Comments

Close Menu